>>: MP पंचायत चुनाव के पहले चरण के दौरान कहां कहां हुआ उपद्रव

>>

Patrika - A Hindi news portal brings latest news, headlines in hindi from India, world, business, politics, sports and entertainment!

मध्यप्रदेश में जहां अधिकांश जगहों पर पहले चरण का पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण रहा, वहीं इस दौरान कुछ जगहों पर छुटपुट हिंसा के बीच शनिवार को अशांति भी फैली। दरअसल त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पहले चरण के मतदान में मध्यप्रदेश के कुछ क्षेत्रों में गोलीबारी और पथराव हुआ तो वहीं कुछ जगह पुलिस को लाठियां भी भांजनी पड़ी।

दतिया के जनपद पंचायत बरौदी के ग्राम बरौदी में इस दौरान जहां गोलियां चलीं और मतपेटियां लूटीं गईं। ऐसे में गोली लगने से 5 साल की एक बच्ची निशंत घायल हो गई। वहीं ग्रामीणों ने मतपेटी में पानी भर दिया। इसके अलावा हतलई गांव में दबंगों ने मतपेटी कुएं में फेंक दी। ग्राम बरौदी में गोलियां चलने व मतपेटी लूटे जाने तथा ग्राम हतलई में मतपेटी लूट कर कुएं में फेंके जाने के बाद इन दोनों गांवों में 27 जून को पुनर्मतदान कराए जाने का निर्णय लिया गया है। कलेक्टर संजय कुमार ने बताया कि दोनों गांवों में 27 जून को पुनर्मतदान कराने के लिए प्रस्ताव बना कर भेज दिया गया है।

मुरैना के अंबाह थाना क्षेत्र के वीलपुर पंचायत के मल्हनका पुरा केंद्री पर सरपंच पद के प्रत्याशी राजू उर्फ महेंद्र सिंह तोमर और कुलदीप तोमर के समर्थकेां में विवाद हुआ। फर्जी मतदान की खबर पर कुलदीप के समर्थकों ने विरोध किया तो राजू और समर्थकों ने फर्सा, बंदूक व कट्टों से हमला कर दिया। गोली लगने से कुलदीप के समर्थक विनोद पचौरी की मौत हो गई।

इसके साथ ही मुरैना के अंबाह क्षेत्र की रूपाहटी पंचायत में सरपंच प्रत्याशी गुड्डी के पति होतम कोरी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसने तेजाब जैसा कोई पदार्थ पिया था। इसके अलावा बरेह पंचायत के जयसिंह का पुरा पोलिंग बुथ पर भी फायरिंग हुई। सरपंच प्रत्याशी कल्लू यादव का समर्थक छेटू परिहार घायल हुआ।

भिंड के लहार व रैन क्षेत्र के तीन केंद्रों पर उपद्रव हुआ। रौन क्षेत्र के कन्हईपुरा में 10 बजे युवक ने केंद्र के बाहर कट्टे से फायर कर हथियार को नाले में फेंक दिया। इस दौरान मोहन सिंह बघेल नामक युवक के साथ मारपीट भी की गई। इतना ही नहीं बचाने पहुंचे उसके पिता को भी नाले में पटक कर पीटा गया।

इसके अलावा भिंड के ही लहार के ग्राम लपवाहा मतदान केंद्र के बाहर सरपंच पद के दो प्रत्याशियों के समर्थकों ने गोलीबारी कर दहशत की स्थिति निर्मित कर दी। कमांडो स्वरूप बल के अलावा अन्य सशस्त्र बल के मौके पर पहुंचने पर मतदान बहाल हो गया।

गुना की पिपरौदा खुर्द ग्राम पंचायत के मतदान केंद्र में गेट कर्मियों ने गेट बंद कर दिए। ऐसे में यहां दोपहर में फर्जी मतदान की आशंका पर लोगों ने पथराव कर दिया। जिसमें तीन वाहन क्षतिग्रस्त होने के साथ ही तीन पुलिस कर्मियों को भी चोटें आईं। यहां पुलिस ने हंगामा करने वालों पर लाठी चार्ज भी किया।

राजगढ़ के ग्राम पंचायत बावड़ीपुरा में 15-20 लोगों ने केंद्र में घुसकर पुलिस और पीठासीन अधिकारी गणेश राज शर्मा की पिटाई कर दी। वहीं रामपुरिया केंद्र से मतपेटी लूटी गई। आरोपी प्रत्याशी के समर्थक बताए जाते हैं। वहीं इन घटनाओं के संबंध में जिलों से आयोग के पास रिर्पोट नहीं भेजी गई है।

You received this email because you set up a subscription at Feedrabbit. This email was sent to you at mpnews2400@gmail.com. Unsubscribe or change your subscription.