>>: Digest for February 03, 2021

>>

Patrika - A Hindi news portal brings latest news, headlines in hindi from India, world, business, politics, sports and entertainment!

You are receiving a digest because your subscriptions have exceeded your account's daily email quota. Your quota has automatically reset itself.

Table of Contents

खंडवा. तीर्थनगरी ओंकारेश्वर मंदिर की सुरक्षा में चोरों ने सेंध लगाई है। चोर मंदिर परिसर से दानपेटी लेकर फरार हो गए। इस वारदात ने मंदिर की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए है। क्योंकि मंदिर परिसर में दिन और रात सुरक्षाकर्मी तैनात है। साथ ही सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। बावजूद इसके बदमाश दानपेटी लेकर भागने में सफल हो गए।

दरअसल, ओंकारेश्वर मंदिर में गर्भगृह के सामने पंचमुखी गणेश मंदिर के पास दानपेटी रखी हुई थी। जिसे रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात करीब 2.&0 बजे लेकर फरार हो गए। सुबह जब लोग मंदिर पहुंचे तो दानपेटी गायब थी। वारदात की खबर मिलते ही सुरक्षाकर्मी, ट्रस्ट के पदाधिकारी और मांधाता पुलिस मौके पर पहुंची। वारदात की जानकारी जुटाई। इसी बीच चोरी गई दानपेटी कोटीतीर्थ घाट को जोडऩे वाले नए पुल पर मिली। दानपेटी पुल पर पड़ी होने पर पुलिस पहुंची और पड़ताल की। पेटी का ताला टूटा था और चिल्लर पड़ी थी। मामले में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। वहीं मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

4.png

ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग परिसर
ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग परिसर एक पांच मंजिला इमारत है। जिसकी प्रथम मंजिल पर भगवान महाकालेश्वर का मंदिर है तीसरी मंजिल पर सिद्धनाथ महादेव चौथी मंजिल पर गुप्तेश्वर महादेव और पांचवी मंजिल पर राजेश्वर महादेव का मंदिर है। ओंकारेश्वर में अनेक मंदिर हैं नर्मदा के दोनों दक्षिणी व उत्तरी तटों पर मंदिर हैं। पूरा परिक्रमा मार्ग मंदिरों और आश्रमों से भरा हुआ है। कई मंदिरों के साथ यहां अमलेश्वर ज्योतिर्लिंग नर्मदा जी के दक्षिणी तट पर विराजमान हैं।

ओंकारेश्वर और अमलेश्वर दोनों शिवलिंगों को ज्योतिर्लिंग माना जाता है। यहां पर्वतराज विंध्य ने घार तपस्या की थी और उनकी तपस्या के बाद उन्होंने भगवान शिव से प्रार्थना कर कहा के वे विंध्य क्षेत्र में स्थिर निवास करें उसके बाद भगवान शिव ने उनकी यह बात स्वीकार कर ली। वहां एक ही ओंकारलिंग दो स्वरूपों में बंटी है। इसी प्रकार से पार्थिवमूर्ति में जो ज्योति प्रतिष्ठित हुई थी, उसे ही परमेश्वर अथवा अमलेश्वर ज्योतिर्लिंग कहते हैं।

हबीबगंज। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे (indian railway) ने बड़ा फैसला लिया है। जी हां अब यात्रियों की भीड़ को कम करने के लिए रेलवे दो विशेष गाड़ियां (special trains) चलाने जा रहा है। इन ट्रेनों के चलने से यात्रियों को भीड़ तो कम होगी ही साथ ही वेटिंग की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा।

train1_6597062_835x547-m.jpg

यात्रियों को होगी सहूलियत

यात्रियों की जानकारी के लिए बता दें कि इन ट्रेनों में आसनसोल-मुंबई विशेष गाड़ी क्रमांक 02362 मुंबई से 10 फरवरी से अगले आदेश तक हर बुधवार 11.05 बजे रवाना होगी और दूसरे दिन आसनसोल 20.30 बजे पहुंचेगी। साथ ही गाड़ी नंबर 02361 अप आसनसोल-मुंबई विशेष गाड़ी 07 फरवरी से अगले आदेश तक हर रविवार को आसनसोल से 19.45 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन मुंबई 8 बजे पहुंचेगी।

जानिए क्या रहेगा समय

वहीं गाड़ी संख्या 02151 डाउन पुणे-हबीबगंज हमसफर विशेष गाड़ी 07 फरवरी से अगले आदेश तक हर रविवार को पुणे से 15.15 बजे रवाना होगी और दूसरे दिन हबीबगंज 04.45 बजे पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 02152 अप हबीबगंज-पुणे हमसफर विशेष 6 फरवरी से अगले आदेश तक हर शनिवार को हबीबगंज से 15.50 बजे रवाना होगी और दूसरे दिन पुणे 6.25 बजे पहुंचेगी।

खंडवा.
आदिवासी अंचल के गांवों में किचन गार्डन की सब्जियों की महक से ग्रामीण महिलाओं की रसोई महक रही है। ये सब एक संस्था द्वारा पोषण वाटिका किचन गार्डन को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य है कि इन किचन गार्डन पोषण वाटिकाओं से मिलने वाली सब्जियों से पूरे परिवार खासतौर पर एनिमिया ग्रसित बच्चों, किशोरियों, महिलाओं और कुपोषित बचचों को पूरा पोषण मिले। इन पोषण वाटिकाओं का निर्माण खंडवा डायोसिस सोशल सर्विसेस द्वारा कराया जा रहा है। आदिवासी अंचल में महिलाएं पोषण वाटिकाओं के माध्यम से ताजी जैविक मौसमी सब्जियों का लाभ उठा रही हैं।
केडीएसएस द्वारा मां और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए खालवा ब्लॉक के 30 गांवों में निरंतर नए प्रयोग किए जा रहे हैं। केडीएसएस ने कारितास इंडिया के सहयोग से सबल परियोजना के तहत पोषण वाटिका तैयार कराई है। जिसमें घर के आसपास 20 बाय 20 की जमीन पर पोषण वाटिका बनाकर मौसमी सब्जियां उगाई जा रही है। अब तक पोषण वाटिका को 30 गांवों में 480 परिवार अपना चुके हैं। वहीं, 10 आंगनवाडिय़ों में भी पोषण वाटिका बनाई गई है। संस्था के फादर जयन अलेक्स ने बताया कि इन पोषण वाटिकाओं से परिवार को पूरे साल तरह-तरह की मौसमी सब्जियां मिलती है। इन सब्जियों से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और छोटे बच्चों की पौष्टिक आहार की जरूरत पूरी होती है। पोषण वाटिकाओं के माध्यम से गर्भवती महिलाओं में एनिमिया और बच्चों में कुपोषण भी कम हुआ है।
सब्जी का खर्च भी बच रहा
पोषण वाटिकाओं में उगाई जा रही सब्जियों से जहां इसे अपनाने वाले ग्रामीण परिवारों के रोज के भोजन में विविधता आई है। वहीं, सब्जियों पर रोजाना होने वाला खर्च भी इन परिवारों का बचने लगा है। बाजार में मिलने वाली सब्जियों में रासायनिक खाद का प्रयोग किया जाता है, जबकि पोषण वाटिका में घर में उपलब्ध गोबर खाद, सूखी पत्तियों आदि से खाद बनाकर डाला जा रहा है। पूर्णत जैविक होने से ये सब्जियां स्वादिष्ट होने के साथ ही पूरा पोषण भी दे रही हैं। फादर अलेक्स ने बताया कि केडीएसएस ये भी सुनिश्चित कर रहा है कि ये 480 पोषण वाटिकाएं स्थाई रहे।

खंडवा. ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर परिसर से दानपेटी चोरी मामले की पड़ताल के दौरान मंदिर परिसर की सुरक्षा में लापरवाही उजागर हुई है। मंदिर परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मी रात के समय गार्ड रूम में सोते रहे और बदमाश कंधे पर दानपेटी लेकर भाग गया। लापरवाही उजागर होते ही एसपी विवेक सिंह ने कार्रवाई करते हुए सशस्त्र पुलिस बल के चार आरक्षक और एक प्रधान आरक्षक को निलंबित किया है। जानकारी के अनुसार रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात चोर ओंकारेश्वर मंदिर में गर्भगृह के सामने पंचमुखी गणेश मंदिर के पास रखी दानपेटी लेकर फरार हो गए। जबकि परिसर में सुरक्षा के लिहाज से एक चार की गार्ड तैनात थी। वारदात सामने आते ही पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की। जांच के दौरान मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में 31 जनवरी वारदात की रात 10 बजे केवल एक पुलिसकर्मी बगैर राइफल लिए मंदिर परिसर में स्थित गार्ड रूम व चौकी के अंदर जाते दिखाई दे रहा है। उसके बाद पूरी रात परिसर में सुरक्षाकर्मियों की कोई भी गतिविधि नजर नहीं आई। जबकि सुरक्षाकर्मियों को सूर्यास्त से सूर्योदय तक मंदिर परिसर में मुस्तैद रहना था। लेकिन वह सोते रहे। ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एसपी सिंह ने एफ कंपनी 34वीं वाहिनी विसबल धार के प्रधान आरक्षक रामवृत यादव, आरक्षक गुरुदयाल, दूधनाथ पटेल, सुक्कल परते और लवकेश हाल कैंप थाना मांधाता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं लाइन तलब कर बगैर अनुमति के मुख्यालय नहीं छोडऩे के निर्देश दिए है।
कंधे पर दानपेटी ले जाते दिखा बदमाश
दानपेटी चोरी मामले की तफ्तीश के दौरान सीसीटीवी फुटेज में बदमाश नजर आया है। बदमाश मंदिर परिसर से दानपेटी उठाकर कंधे पर रख सीढिय़ों पर जाता हुआ नजर आया है। इसके अलावा जेपी चौक के कैमरों में भी आरोपी दिखा है। फुटेज के आधार पर पुलिस चोरी के आरोपी की तलाश कर रही है। उल्लेखनीय है कि 31 जनवरी की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में रखी दानपेटी बदमाश लेकर भाग गया था। दानपेटी पुल पर पड़ी हुई थी। मामले में पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
दाल-बाटी की प्रसादी खाकर सो रहे थे सुरक्षाकर्मी
सूत्रों की मानें तो वारदात के दिन शाम को मंदिर परिसर में दाल बाटी का भंडारा हुआ था। इसमें सुरक्षाकर्मियों ने भी दाल बाटी की प्रसादी ली थी। इसके बाद सुरक्षाकर्मी रात के समय गार्ड रूम में सो रहे थे। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर बदमाश दानपेटी लेकर फरार हो गया।

खंडवा.
जनसुनवाई में अपनी समस्या का निराकरण होने की उम्मीद लेकर आ रहे शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई नहीं होने से निराश होना पड़ रहा है। मंगलवार को जनसुनवाई में आए कई आवेदनकर्ता कई-कई बार शिकायत कर चुके थे, लेकिन कोई सुनवाई उनके आवदेनों पर नहीं हुई। अवैध निर्माण को लेकर एक आवेदक द्वारा तो 11 बार जनसुनवाई और एक बार सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, सरपंच, सचिव के भ्रष्टाचार से त्रस्त ग्रामीण भी कई बार शिकायत कर चुके है।
हाटकेश्वर निवासी नबी बक्श पिता मौला बक्श खानशाहवली बाबा वार्ड के अहमदनगर में हो रहे अवैध अतिक्रमण की शिकायत करने जनसुनवाई में 11वीं बार पहुंचे। नबी बक्श ने बताया कि दो लोगों ने अहमद नगर में अवैध मकान निर्माण कर लिया है। मकान निर्माण के लिए कोई भी अनुमति नहीं ली गई है। इसकी शिकायत वे 10 बार कर चुके हैं और 11वीं बार फिर आवेदन लेकर आए है। इसके पूर्व उन्होंने सीएम हेल्प लाइन में भी शिकायत की थी। उसका भी कोई निराकरण नहीं हुआ और वहां से मैसेज आ गया कि उनकी समस्या का हल हो गया है।
अधिकारियों ने देखकर भी किया अनदेखा
ग्राम भवरली, तहसील हरसूद से आए ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम में सरपंच, सचिव द्वारा निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार किया जा रहा है। निर्माण कार्यों में हो रही अनियमितता की लगातार शिकायतें की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। सरपंच, सचिव द्वारा मनरेगा कार्य में भी फर्जी मस्टर भरकर आर्थिक अनियमितता की जा रही है। जनपद सीइओ द्वारा मौके पर पहुंचकर भ्रष्टाचार के कार्य भी देखे गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिला पंचायत सीइओ, कलेक्टर, जनसुनवाई में भी कई बार आवेदन दिया जा चुका है। ग्रामीणों ने बताया यदि कार्रवाई नहीं होती है तो ग्राम में ही धरना आंदोलन करेंगे।
89 आवेदन आए जनसुनवाई में
मंगलवार को जनसुनवाई में कुल 89 आवेदकों ने उपस्थित अधिकारियों को अपने आवेदन दिए। प्राप्त आवेदनों में नगर निगम के 13, जनपद खंडवा 7, पुलिस अधीक्षक के 6, सामाजिक न्याय के 2, श्रम पदाधिकारी 1, जिला शिक्षा अधिकारी 2, विद्युत विभाग के 3, लीड बैंक प्रबंधक के 1, पंधाना क्षेत्र के 2, पुनासा क्षेत्र के 5 व हरसूद क्षेत्र के आवेदकों के 9, जल संसाधन 5, भू अभिलेख के 2, खाद्य विभाग के 2, तहसीलदार खंडवा के आवेदकों के 13 आवेदन पत्र प्राप्त हुए है।
ये भी आवेदन आए जनसुनवाई में
-ग्राम जोगीबेड़ा से किसान खराब गेहूं की फसल के पौधे लेकर जनसुनवाई में पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि प्राकृतिक आपदा के चलते गेहूं काले पड़ गए हैं। उन्हें शासन की योजनानुसार खराब फसल का मुआवजा दिलाया जाए।
-ग्राम भकराड़ा निवासी कड़वा सहित 13 लोगों ने वृद्धावस्था पेंशन के लिए आवेदन दिया।
-बद्री पिता चंदर सिंह निवासी झींगाधड़ ने अपने खेत में जाने के लिए रास्ते पर अतिक्रमण होने की शिकायत की।
-अंजू पति कैलाश निवासी बडग़ांव माली ने मनरेगा योजना में मजदूरी करने के बाद मजदूरी भुगतान न होने की शिकायत की।
-सक्तापुर के रामेश्वर गिरी महाराज ने अपने आश्रम में विद्युत कनेक्शन दिए जाने की मांग की।
-सुरगांव बंजारी से आए किसानों ने ग्राम में चल रहे नहर योजना में ठेकेदार कंपनी द्वारा बिना मुआवजा दिए अपने खेतों में खुदाई करने की शिकायत की।
-इंदौर नाका से आए लोगों ने पट्टे स्वीकृत होने के बाद भी पटवारी द्वारा पट्टा नहीं दिए जाने की शिकायत की।
-सुलगांव पंधाना से आए तुकाराम पिता बालाराम ने नहर पर रखी मोटर पंप के बार-बार चोरी होने की शिकायत की। नामजद शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने की बात कही।

खंडवा. 40 हजार रुपए लेकर दुल्हन का फर्जी आधार कॉर्ड दिखाकर शादी कराने और शादी के दो दिन बाद दुल्हन के मायके भागने के मामले में हरसूद पुलिस ने दूल्हे की शिकायत पर दुल्हन सहित चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। फरियादी दूल्हा केदार पिता राधेश्याम विश्वकर्मा निवासी तोरनिया ने शादी के नाम पर धोखाधड़ी का शिकार होने पर 7 जनवरी को हरसूद थाने में शिकायत की थी। लेकिन दुल्हन हरदा जिले के सिराली थाना क्षेत्र की रहवासी थी। इसके चलते हरसूद पुलिस ने मामला सिराली पुलिस की झोली में डाल दिया। इस कारण एक माह तक फरियादी दूल्हा दोषियों पर कार्रवाई कराने के लिए इस थाने से उस थाने भागता रहा। हालांकि वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद हरसूद पुलिस ने मामले में कार्रवाई की। पुलिस ने दूल्हा केदार की शिकायत पर आरोपी दुल्हन अनिता पिता अनिल निगम उर्फ पूनम माली, दुल्हन का पिता पूनम माली निवासी सोडलपुर और परिचित जगदीश पिता हरीप्रसाद जादम निवासी ग्राम पाटाखाली, शकील खान पिता शरीफ खान निवासी ग्राम रेहटाकलां के खिलाफ धारा 420 और 120 (बी) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
शादी के नाम पर लिए थे 40 हजार रुपए
फरियादी दूल्हा केदार विश्वकर्मा ने बताया जगदीश पिता हरिप्रसाद जादम 22 दिसंबर को लड़की दिखाने के लिए हरदा जिले के सोडलपुर ले गया। जहां सिराली में अनिता से मिलवाया। उसके साथ आए पूनम माली निवासी सोडलपुर को लड़की का पिता और शकील पिता शरीफ खान निवासी रहटाकला को परिचित बताया। मुझे अनिता पसंद आई तो शादी की बात की। शादी की तारीख 23 दिसंबर 2020 तय हुई। इसके बाद हरसूद न्यायालय पसिर में कोर्ट मैरिज की। शादी की लिखापढ़ी होने के बाद जगदीश, शकील और पूनम को शादी कराने के नाम पर 40 हजार रुपए दिए। लेकिन शादी के दो दिन बाद पत्नी अनिता के पिता पूनम ने फोन कर बेटी को घर लाने का बोला। अनिता को मायके छोड़ दिया। इसके बाद वापस नहीं लौटी। जानकारी ली तो पिता और परिचित गुमराह करते रहे। संदेह होने पर थाने में शिकायत की थी।
संदेह पर आधार कॉर्ड देखा तो निकला फर्जी
पत्नी अनिता के घर नहीं लौटने पर दूल्हा केदार को संदेह हुआ। पत्नी अनिता के सामान को देखा। उसमें आधार कॉर्ड मिला। आधार कॉर्ड पर लगी अनिता की फोटो निकाली तो नीचे किसी ओर की फोटो थी। आधार कॉर्ड फर्जी होने पर शकील से बात की और मामले की जानकारी दी तो उसने कहा तुम्हें जो करना कर लो। मामले में धोखाधड़ी का शिकार होने पर केदार ने हरसूद थाने में दुल्हन सहित तीन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया।

खंडवा.
मुख्यमंत्री के आगमन के पूर्व और नगरीय निकाय चुनाव के चलते बायपास, रिंग रोड की मांग तेज होने लगी है। पिछले दिनों ओवरब्रीज के पास बस स्टैंड के सामने हुए एक्सीडेंट में एक व्यक्ति की मौत के बाद तो शहर की महती जरूरत बायपास और रिंग रोड के लिए आंदोलन तक शुरू हो गए है। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के पूर्व प्रशासन ने बायपास और रिंग रोड के लिए तैयारी तेज कर दी है। मंगलवार को कलेक्टर अनय द्विवेदी ने प्रस्तावित बायपास के मार्गों का जायजा लिया।
कलेक्टर ने दोपहर में शहर की यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित बायपास रोड निर्माण के लिए ग्रामीण क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नहाल्दा, भंडारिया, टिठिया जोशी, तीरंदाजपुर, बमनगांव, बडग़ांव गुर्जर, सिरपुर, डिगरिस, कोरगला ग्रामों का दौरा कर वहां मौका देखा। उन्होंने इस रास्ते में पडऩे वाली शासकीय भूमि तथा पुल पुलिया, विद्युत लाइन व सड़क की स्थिति देखीं। उल्लेखनीय है कि बायपास रोड के लिए प्रस्तावित नक्शे में कई गांव की जमीनें आ रही है। जिनका अधिग्रहण भी शासन को करना है। बायपास की लागत करीब 500 करोड़ आ रही है। वहीं, निगम ने भी 300 करोड़ की लागत से रिंग रोड, मेजर रोड का प्रस्ताव बनाया है। बायपास और रिंग रोड के प्रस्ताव मुख्यमंत्री के सामने रखे जाएंगे।
रवींद्र भवन तथा संस्कृति महाविद्यालय का किया निरीक्षण
कलेक्टर अनय द्विवेदी ने बायपास मार्ग के निरीक्षण के साथ ही एनवीडीए कॉलोनी स्थित कला एवं संस्कृति महाविद्यालय भवन में का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सर्किट हाउस के पास स्थित संस्कृति विभाग के नवनिर्मित रवींद्र भवन ऑडिटोरियम व ओपन थियेटर का कार्य देखा और गुणवत्ता के साथ शेष कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अपने दौरे पर रवींद्र भवन का लोकार्पण कर सकते है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीइओ नंदा भलावे कुशरे, एसडीएम ममता खेड़े व कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी पीएस झानिया, उपायुक्त नगर निगम दिनेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

खंडवा.
नगर निगम खंडवा द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 के तहत थ्री स्टार रेटिंग का दावा पेश किया है। मंगलवार को भोपाल से स्वच्छ सर्वेक्षण अधिकारियों द्वारा स्टार रेटिंग के दावों को लेकर इंदौर संभाग की नगर निगम, नगर पालिकाओं के कार्यों की समीक्षा ऑनलाइन की जानी थी। ऑन लाइन समीक्षा में खंडवा नगर निगम का नंबर ही नहीं आ पाया। स्वच्छ सर्वेक्षण अधिकारियों द्वारा निगमायुक्त व अन्य अधिकारियों को दावे अनुसार तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वच्छ सर्वेक्षण स्टार रेटिंग के लिए मंगलवार सुबह 10 से 11 बजे तक भोपाल से ऑनलाइन समीक्षा होनी थी। नगर निगम द्वारा झीलोद्यान स्थित जोन कार्यालय में समीक्षा को लेकर तैयारी के साथ वेबीनार में उपस्थिति दर्ज कराई। यहां अन्य निकायों से चर्चा में समय होने से खंडवा के अधिकारियों से स्वच्छ सर्वेक्षण अधिकारी चर्चा नहीं कर पाए। निगमायुक्त हिमांशु भट्ट ने बताया कि थ्री स्टार रेटिंग के लिए गीला कचरा निपटान, गारबेज फ्री सिटी, सीवरेज वाटर ट्रिटमेंट प्लांट, नालों की सफाई आदि पर ध्यान दिया जा रहा है। मंगलवार को बेगम पार्क और बीएसएनएल कस्टमर सेंटर के पास नालों में साफ-सफाई कराई गई।
फैल रहा कचरा खोल रहा पोल
एक ओर निगम स्टार रेटिंग के लिए गारबेज फ्री सिटी बनाने की बात कह रहा है। दूसरी ओर शहर के कई स्थानों पर फैला कचरा स्टार रेटिंग की तैयारियों की पोल खोल रहा है। मंगलवार को दुबे कॉलोनी स्थित मैदान में कचरे का ढेर पड़ा नजर आया। क्षेत्रवासियों ने बताया कि यहां हमेशा ही कचरा पड़ा रहता है। निगम के स्वास्थ्य प्रभारी शाहीन खान ने बताया कि इसके लिए बुधवार को सभी सफाई दरोगा की बैठक बुलाई गई है। दुबे कॉलोनी वाले मैदान में कचरा न हो इसके लिए वहां बोरियों की व्यवस्था कराई जाएगी। क्षेत्र के लोगों को भी मैदान में कचरा न फेंकने के लिए समझाइश दी जाएगी।

You received this email because you set up a subscription at Feedrabbit. This email was sent to you at mpnews661@gmail.com. Unsubscribe or change your subscription.