छतरपुर. 16 मार्च को लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही आर्दश आचार संहिता लागू हो गई। तब से लेकर 16 अप्रेल तक एक महीने में पुलिस ने नशीली सामग्री, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा और आदतन अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। एक महीने के दौरान 4000 लीटर अवैध शराब, 11 किलो अफीम, डेढ़ किलो गांजा, 24 लीटर नशे के सिरप तथा दो सैकड़ा नशीले इंजेक्शन जब्त कर 21 आरोपियों को जेल भेजा है। जुआ एवं सट्टा खेलने और खिलाने वाले 41 आरोपियों को गिरफ्तार कर 6 लाख 32 हजार रुपए बरामद किए हैं। अवैध हथियार विक्रेता दीपू विश्वकर्मा से अधबनी पिस्टल एवं फैक्ट्री का सामान सहित 26 प्रकार की मशीन जब्त करने के अलावा 32 लोगों को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है।
हथियार बनाने की फैक्ट्री
हत्या के मामले में अवैध हथियार की जांच करते हुए पुलिस ने अवैध हथियार फैक्ट्री पकड़ी। फैक्ट्री संचालक दीपू विश्वकर्मा के पास से एक अधबनी पिस्टल 26 प्रकार की हथियार बनाने वाली मशीन व अन्य फैक्ट्री का सामान जब्त किया गया। इसके अलावा
अलग-अलग स्थान से अन्य आरोपियों से हत्या एवं हत्या के प्रयास व लूट जैसे प्रकरणों में घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार भी जब्त किए हैं। साथ ही दहशत फैलाने के उद्देश्य से हथियार लेकर चलने वालों एवं सोशल मीडिया में हथियार के साथ फोटो पोस्ट के माध्यम से दहशत फैलाने वाले 32 आरोपियों से हथियार जब्त कर गिरफ्तार किया गया है।
17 लाख की अवैध शराब पकड़ाई
थाना खजुराहो क्षेत्र अंतर्गत 242 पेटी करीब 2100 लीटर अवैध शराब जब्त करते हुए जिले के थाना क्षेत्र अंतर्गत 450 अवैध शराब की पेटी करीब 4000 लीटर कीमती 17 लाख 70 हजार रुपए जब्त कर 15 आरोपी को गिरफ्तार किया गया। साथ ही थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत मादक पदार्थ अफीम मात्रा करीब 11 किलो कीमती 26500 रुपए जब्त की गई एवं थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत 206 नशीले इंजेक्शन व सिरिंज तथा थाना सरवई में 240 सीसी 24 लीटर नशे के सिरप जब्त कर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। अवैध नशे के सिरप बांदा उत्तर प्रदेश से एक एजेंसी संचालक द्वारा सप्लाई किए गए थे जिसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
जुआ-सट्टा के 6 लाख जब्त किए
जिले के समस्त थाना क्षेत्र अंतर्गत जुआ एवं सट्टा संचालक एवं खेलने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। थाना लवकुश नगर क्षेत्र में अंतरराज्यीय 20 जुआरियों को गिरफ्तार कर 4 लाख 28000 रुपए जब्त करते हुए आईपीएल सट्टा सहित प्रकरणों में कुल 41 आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए 6 लाख 32000 रुपए नगद एवं प्रयुक्त वाहन एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए।
वारंटियों पर कार्रवाई
जिले के समस्त थाना क्षेत्र अंतर्गत 10 जिला बदर आरोपियों को जिले की सीमा में पकड़े जाने पर जेल भेजा गया। साथ ही क्षेत्र में माहौल खराब करने एवं शांति भंग करने वाले दो दर्जन से अधिक आरोपियों को जेल भेजा गया। बाउंड ओवर नियमों का उल्लंघन करने पर 15 के विरुद्ध दंड प्रक्रिया संहिता धारा 122 के अंतर्गत बाउंड डाउन की कार्यवाही की गई। जिले के समस्त थाना क्षेत्र अंतर्गत 148 स्थाई वारंट एवं 302 गिरफ्तार वारंट तामील किए गए जिसमें करीब 55 स्थाई वारंटी को जेल भेजा जा चुका है। आगामी निर्वाचन में दुष्प्रभाव डालने वाले क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग कर माहौल खराब करने वाले एवं दहशत फैलाने वालों के विरुद्ध कार्यवाही जारी है।