कटनी. जिले में अबतक 43 हजार 287 किसानों से 3 लाख 91 हजार टन से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है। धान खरीदी के लिए मात्र 3 दिनों का समय शेष बचा है। आखिरी समय में केंद्र प्रभारी, समिति प्रबंधक सर्वेयरों से सांठगांव करते हुए घटिया धान खरीद कर वेयरहाउसों में भंडारण के लिए भेज कर अवैध लाभ कमाने में जुटे हुए हैं। भोपाल से सर्वेयर कंपनी के पहुंचे अधिकारियों ने वेयरहाउसों में भंडारण के लिए पहुंची धान की गुणवत्ता परखी तो काली कारगुजारी का भंडाफोड़ हुआ है। सोमवार, मंगलवार दो दिनों तक की हुई जांच में 40 किलो की भर्ती वाली 27 हजार 854 बोरी धान घटिया पाते हुए रिजेक्ट कर दी है। समितियों को अपग्रेड करने के लिए धान लौटाई गई है। बड़ी मात्रा में अमानक धान रिजेक्ट होने हडक़ंप मचा हुआ है। इस मामले की जांच के लिए बुधवार को टीम गठित कर प्रशासन ने जांच शुरू कराई है। जांच के लिए 6 तहसीलों में 20 अधिकारी जांच कर रहे हैं, जो 24 घंटे के अंदर धान की जांच व दोषियों को पता लगाकर रिपोर्ट सौंपेंगे।
जानकारी के अनुसार जिले में एक लाख 56 किलोग्राम घटिया धान भंडारणके लिए वेयर हाउसों में भेजी गई है। रिजेक्ट धान में टूटन, मिट़्टी, चावल व कचरा अधिक पाया गया है। नान एफए क्यू धान का उपार्जन, भंडारण पाए जाने पर विभागीय अधिकारियों एवं प्रशासनिक कर्मचारियों को खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने कहा गया है। 18 खरीदी केंद्रों प्रियर्दशनी विपणन सहकारी समिति मर्या विजयराघवगढ़, विपणन सहकारी समिति मर्या बहोरीबंद, विपणन सहकारी समिति मर्या रीठी, खरीदी केन्द्र विजयराधवगढ, पिपरियाकला सलैयाकोहारी, उमरियापान, खाम्हा, सिलौडी, बकलेहटा रीठी, कूड़ा, बहोरीबंद, चांदनखेडा, पथराडी पिपरिया कूडऩ, बरही बाकल, देवरीमंगेला के समिति प्रबंधकों को नोटिस जारी किया गया है।
ये अधिकारी कर रहे जांच
धान उपार्जन समितियों और उपार्जन कंद्रों में संग्रहित अमानक धान के परीक्षण के लिए जिले की 6 तहसीलों के लिए 20 अधिकारियों का जांच दल में शामिल किया गया है। विकासखंड बहोरीबंद, ढीमरखेड़ा, रीठी एवं बड़वारा में उपार्जित स्कंध का भंडारण रामाकृष्णा वेयर हाउस, मॉ ईश्वरा वेयर हाउस, पूजा वेयर हाउस, श्री नाथ वेयर हाउस कैलवारा, गोविंद वेयर हाउस एवं ओम वेयर हाउस में भंडारित धान अमानक स्तर की पाए जाने के कारण रिजेक्टर कर उपार्जन केन्द्र को वापिस की गई है। बहोरीबंद एवं स्लीमनाबाद के लिए नायब तहसीलदार बांकल आदित्य प्रसाद द्विवेदी, नायब तहसीलदार स्लीमनाबाद राजकुमार नामदेव, सहकारिता निरीक्षक एसके जैन, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पीयूष शुक्ला और गुणवत्ता निरीक्षक सर्वेयर कमलेश मिश्रा को जांच दल में शामिल किया गया है। ढीमरखेड़ा तहसील के लिए नायब तहसीलदार उमरियापान आशीष चतुर्वेदी, नायब तहसीलदार सिलौंडी दिनेश असाटी, सहकारिता निरीक्षक एचएन प्रजापति, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ब्रजेश कुमार जाटव, गुणवत्ता निरीक्षक महेश यादव को जांच दल में सम्मिलित किया गया है।
धान खरीदी को लेकर खास-खास
- रीठी देवगांव केंद्र का एडीएम ने किया निरीक्षण किया, जांच के दौरान पाई अमानक धान।
- महिला स्व सहायता समूह द्वारा उपार्जन करने वाले केंद्रों की कराई जा रही जांच, 4 केंद्रों की होनी है जांच।
- 3 लाख 91 हजार 424 मीट्रिक टन हो चुकी है अबतक खरीदी।
- गोदामों में 7 हजार 938 मीट्रिक टन व समितियों में 70 हजार 937 मीट्रिक टन धान भंडारण के लिए शेष।
- 370 करोड़ रुपए का भुगतान जिलेभर में शेष, 92 प्रतिशत से अधिक स्लॉट बुक।
ये अधिकारी भी करेंगे जांच
इसके अलावा रीठी तहसील के लिए गठित जांच दल में नायब तहसीलदार खगेश भलावी, सहायक आपूर्ति अधिकारी संज्जन सिंह परिहार, सहकारिता निरीक्षक एसके जैन और गुणवत्ता निरीक्षक अंशुमन तिवारी शामिल हैं। इसके अलावा विजयराघवगढ़ एवं बरही तहसील के लिए गठित जांच दल में नायब तहसीलदार प्रसंन्न कुमार वर्मा नायब तहसीलदार मनोज यादव, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी रविन्द्र कुमार पटेल व यज्ञदत्त त्रिपाठी, सहकारिता निरीक्षक बेबी नेना मेहरा एवं गुणवत्ता निरीक्षण शिवम मिश्रा शामिल हैं।
इन समितियों की पहुंची थी धान
जानकारी के अनुसार गोविंद वेयर हाउस में महाकाल विपणन सहकारी समिति हथियागढ़ की 750 बोरी, प्राथमिक कृषि साख समिति कूडऩ की 514 बोरी, मां ईश्वरा वेयर हाउस में पानउमरिया केंद्र से 431 बोरी धान, 1828 बोरी धान, खाम्हा 396, सिलौड़ी 2306, झिन्ना पिपरिया 460 रिजेक्ट हुई है। रामाकृष्णा वेयर हाउस झुकेही में प्रियदर्शनी 1896, विजयराघवगढ़ 577, पिपरियाकला 3200, बगदरा 2101 बोरी, सलैया कोहारी 1248 बोरी धान रिजेक्ट हुई है। पूजा वेयर हाउस में प्राथमिक कृषि साख समिति बकलेहटा की 1884 बोरी, कृषि विपणन सहकारी रीठी की 936 बोरी, प्राथमिक कृषि समिति रीठी की 1030 बोरी धान रिजेक्ट हुई है। श्री ओम वेयर हाउस में बरही बाकल की 357 बोरी धान, श्रीनाथ वेयर हाउस कैलवारा में प्राथमिक कृषि साख समिति कूडऩ की 40 बोरी, विपणन सहकारी समिति बहोरीबंद की 625 बोरी, कूड़ा 700 बोरी, चांदनखेड़ा 484 बोरी, कूड़ा 49 बोरी धान व नर्मदांचल में 1500 बोरी रिजेक्ट हुई है।
कटघरे में इनकी निगरानी
जिले में वास्तविक किसानों से गुणवत्तायुक्त धान की खरीदी हो व समय पर वेयरहाउसों में सुरक्षित भंडारण हो इसके लिए प्रशासन द्वारा नागरिक आपूर्ति निगम, वेयरहाउस प्रबंधन, सहाकारिता विभाग व नोडल एजेंसी खाद्य विभाग को बनाया गया है। जिले के एसडीएम व तहसीलदारों को भी इसपर निगरानी रखनी थी, बावजूद इसके घटिया धान की खरीदी होती रही। अधिकारी तौल कराने, बारदानों का सत्यापन, उडऩदस्ता दल के माध्यम से छुटपुट कार्रवाई कराकर पीठ थपथपाते रहे। हैरानी की बात तो यह है कि जांच कमेटी अभी सिर्फ रिजेक्टर धान की गुणवत्ता देख रही है, जो धान अबतक भंडारित हुई है उसकी वास्तविकता नहीं परखी जा रही।
वर्जन
अमानक धान खरीदी के मामले में 6 तहसीलों में जांच के लिए 20 अधिकारियों को शामिल किया गया है। जांच जारी है। 24 घंटे में टीम रिपोर्ट देगी। प्रारंभिक तौर पर 18 समितियों के प्रबंधकों को दोषी पाते हुए नोटिस जारी किया गया है। टीम को वेयर हाउसों से रिजेक्टर की गई धान की गुणवत्ता का परीक्षण कर अमानक धान उपार्जन और भंडारण के लिए दोषी अधिकारी और कर्मचारी का नाम प्रस्तावित करते जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने कहा गया है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
साधना परस्ते, एडीएम।