>>

Patrika - A Hindi news portal brings latest news, headlines in hindi from India, world, business, politics, sports and entertainment!

शहडोल. दो वर्ष बाद जिले के दोनो वनमंडलो में तीन दिवसीय गिद्ध गणना की गई। इस दौरान छह रेंज के चिन्हित स्थलों के साथ ही अन्य वन परिक्षेत्रों में भी वन अमले ने तीन दिन तक गिद्धों की तलाश कर उनकी जानकारी जुटाई है। तीन दिनों की गणना के बाद जिले में कुल 393 गिद्ध चिन्हित किए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा उत्तर वनमंडल के तीनों रेंज में गिद्ध देखे गए हैं। जानकारी के अनुसार यहां वर्ष 2021 की तुलना में चार गुना गिद्ध बढ़े हैं। वहीं दक्षिण वनमंडल में भी गिद्धों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है। उल्लेखनीय है कि जिले के उत्तर वनमंडल व दक्षिण वनमंडल में 16 फरवरी की सुबह 6 बजे से गिद्ध गणना का कार्य प्रारंभ किया गया था। इस गिद्ध गणना का रविवार को समापन हुआ। इस दौरान वन अमले के साथ ही वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
तीन दिन लगातार हुई गिद्धों की तलाश
वन अमले ने तीन दिन तक अलग-अलग रेंज के चिन्हित स्थलों में गिद्धों की तलाश की। इस दौरान उत्तर वनमंडल के जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत कतिरा, अमझोर के बसनगरी व पूर्व ब्यौहारी में गिद्धों की गणना का कार्य किया गया। इसी प्रकार दक्षिण वनमंडल के जैतपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुम्हेडिन और कदौड़ी, बुढ़ार के खोह व शहडोल रेंज अंतर्गत केलमनिया व पतखई बीट में तीनों दिन पेड़, पहाड़ व चट्टानों में बैठे हुए गिद्धों की गणना व फोटो खींचने का कार्य किया गया। 70 आवासों में नजर आए 271 गिद्ध उत्तर मनमंडल के तीनो रेंज अंतर्गत गिद्ध गणना के दौरान गिद्धों के 70 आवास नजर आए हैं। इस दौरान कुल 271 गिद्ध बैठे हुए देखे गए हैं। इनमें 43 अवयस्क व 228 वयस्क गिद्ध शामिल हैं। वर्ष 2021 में इन्ही क्षेत्रों में महज 68 गिद्ध देखने मिले थे, जिसमें 56 वयस्क और 12 अवयस्क गिद्ध शामिल थे। इसी प्रकार दक्षिण वनमंडल में कुल 122 गिद्ध देखने मिले हैं।
सुबह भोजन की तलाश में निकलते हैं गिद्ध
गिद्ध गणना के लिए सुबह 6 से 8 बजे तक का समय निर्धारित किया गया था। जानकारों की माने तो सुबह का समय गिद्ध गणना के लिए सबसे उपयुक्त होता है। इस समय गिद्ध भोजन की तलाश में घोंसलों से बाहर आते हैं। यह अन्य पक्षियों की तरह बार-बार उड़ान नहीं भरते हैं, बल्कि एक स्थान पर 20-30 मिनट तक बैठे रहते हैं। आमतौर पर सुबह 6 बजे से 8 बजे तक गिद्ध कम उड़ान भरते हैं। इस दौरान गिनती आसानी से की जा सकती है।

You received this email because you set up a subscription at Feedrabbit. This email was sent to you at mpnews661@gmail.com. Unsubscribe or change your subscription.